कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार (29 मई) को अदालत ने पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ अकाउंट को तुरंत बहाल करने का निर्देश देने से इनकार कर दिया।जस्टिस पुरुषैन्द्र कुमार कौरव ने अभिजीत दीपके की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह फैसला दिया।
पूर्व में आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे दीपके ने 15 मई को कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत की थी। यह कदम उस समय उठाया गया था जब एक सुनवाई के दौरान सीजेआई सूर्यकांत की कथित ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ वाली टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हुआ था।
21 मई को CJP का ‘एक्स’ हैंडल भारत में ब्लॉक कर दिया गया था, जिसके बाद “कॉकरोच इज बैक” नाम से नया अकाउंट बनाया गया, जिसके अब 2.27 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
यह अभियान अपने अनोखे प्रतीकों और डिजिटल रणनीति के कारण लगातार चर्चा में बना हुआ है। संगठन का दावा है कि उसका उद्देश्य युवाओं को जोड़ना और सिस्टम के खिलाफ एक स्वतंत्र आवाज तैयार करना है।
हाल के दिनों में इसने शिक्षा व्यवस्था में कथित खामियों और नीट-यूजी 2026 पेपर लीक के आरोपों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।उधर, इस विवाद के बीच सीजेआई ने भी अपनी टिप्पणियों पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया है और उनका इरादा युवाओं की आलोचना करने का नहीं था, बल्कि फर्जी डिग्रियों के जरिए पेशे में आने वालों पर टिप्पणी थी।