ख़बरिस्तान नेटवर्क : भारत का एक बहुत बड़ा हिस्सा इन दिनों प्रचंड गर्मी और जानलेवा लू (हीटवेव) का सामना कर रहा है। आसमान से बरसती आग और बढ़ते तापमान के कारण आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है। देश के कई राज्यों में पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जिससे लोगों का घरों से निकलना भी दुश्वार हो गया है। मौसम विभाग की चेतावनियों के बीच स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है।
तेलंगाना में हीटवेव का कहर, अब तक 16 लोगों की मौत
इस भीषण गर्मी का सबसे घातक असर तेलंगाना में देखने को मिल रहा है, जहां लू के कारण हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं। राज्य में अब तक गर्मी और हीटवेव की वजह से 16 लोगों की जान जा चुकी है।
तेलंगाना के राजस्व मंत्री श्रीनिवास रेड्डी ने आधिकारिक तौर पर इन मौतों की पुष्टि करते हुए यह जानकारी साझा की है। सरकार और प्रशासन द्वारा लोगों को दोपहर के समय घरों में रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
25 मई से शुरू हो रहा है नौतपा
इन सब के बीच 25 मई से नौतपा की शुरुआत भी हो रही है। इन नौ दिनों में गर्मी अपने चरम पर होती है। इन नौ दिनों तक सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ती हैं, जिसकी वजह से गर्मी का असर सबसे अधिक रहता है। 10वें दिन से सूर्य और पृथ्वी की दूरी बढ़ने लगती है। नौतपा के दौरान भयंकर गर्मी पड़ती है और देश के ज्यादातर हिस्सों में हीटवेव चलती है।