ख़बरिस्तान नेटवर्क : अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होने से टल गया। क्योंकि एयर इंडिया और इंडिगो प्लेन अचानक रनवे पर आमने-सामने आ गए। समय रहते ही दोनों प्लेन को रोक लिया गया, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। इस मामले पर एयर इंडिया ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है।
200 मीटर की रह गई थी दूरी बस
जानकारी के मुताबिक मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट ने पार्किंग वे की तरफ जाती हुए गलत मोड़ ले लिया और उसी रास्ते पर पहुंच गई, जहां इंडिगो का प्लेन मौजूद था। दोनों प्लेन के बीच करीब 200 मीटर की दूरी रह गई थी। बाद में एयर इंडिया विमान को टो करके सही पार्किंग वे तक ले जाया गया।
एयर इंडिया ने स्वीकार की अपनी गलती
वहीं इस घटना को लेकर एयर इंडिया ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा है कि 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद पहुंची फ्लाइट AI-2493 लैंडिंग के बाद पार्किंग के दौरान अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गई थी। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ।
इंडिगो ने कहा- प्लेन हटाने के बाद रवाना हुए
वहीं इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि उसकी फ्लाइट 6E-5160 अहमदाबाद से मुंबई रवाना होने के लिए टैक्सी वे पर आ रही थी। तभी दूसरी एयरलाइन का विमान गलत दिशा में आ गया। दोनों प्लेन को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया। इसके बाद एयर इंडिया के प्लेन को हटाया गया और इंडिगो की उड़ान सुरक्षित रूप से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंच गई।