जालंधर में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस द्वारा सख्ती के दावों के बीच शहर में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। एसएएस नगर एक्सटेंशन में जानवरों को पानी पिला रही एक डॉक्टर की पत्नी को दो बदमाशों ने निशाना बनाया और तेजधार हथियार से हमला कर उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट छीन लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी एक्टिवा पर फरार होने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक कार चालक ने महिला की चीख-पुकार सुनकर बहादुरी दिखाई और अपनी कार से आरोपियों की एक्टिवा को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से एक आरोपी सड़क पर गिर गया और उसकी टांग टूट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी लूटी गई चेन और लॉकेट लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान राजन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है।
पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दोनों आरोपी एक्टिवा पर इलाके की रेकी करते नजर आ रहे हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।