ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में 2027 के चुनावों से पहले भाजपा ने केवल ढिल्लों को राज्य भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है, जिन्होंने सुनील जाखड़ की जगह ली। ढिल्लों भाजपा के पहले जट्ट सिख प्रधान हैं।
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों आज जालंधर पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालियां के घर पहुंचे, जहां मनोरंजन कालियां और बीजेपी लीडरशिप की ओर से उनका स्वागत किया गया।
निकाय चुनावों में धांधली के लगाए आरोप
जालंधर दौरे के दौरान केवल सिंह ढिल्लों ने हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों के नतीजों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि इन चुनावों की मतगणना (काउंटिंग) के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली और गड़बड़ियां की गई हैं। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए सत्तापक्ष को घेरा।
2027 में खिलेगा पंजाब में कमल
नए प्रदेश अध्यक्ष ने साफ किया कि अब उनका पूरा ध्यान और फोकस आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों पर रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में अगली सरकार बनाने और ‘कमल खिलाने’ के लिए वे पंजाब में समाज के सभी वर्गों और सभी नेताओं को एक साथ लेकर चलेंगे। पार्टी में एकजुटता उनकी पहली प्राथमिकता होगी।