ख़बरिस्तान नेटवर्क : भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों ने पंजाब के सबसे महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शन के तहत किसानों ने टोल प्लाजा को शाम 4 बजे तक फ्री कर दिया है, जिससे इस दौरान गुजरने वाले सभी वाहनों को बिना टोल शुल्क दिए आवाजाही की अनुमति दी जा रही है।
किसान बोले– यह ट्रेड डील के खिलाफ
किसान संगठनों का कहना है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों के हितों के खिलाफ है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में किसान लाडोवाल टोल प्लाजा पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान टोल वसूली रोक दी गई, जिससे वाहन चालकों को राहत मिली।
किसान नेताओं का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल लाडोवाल टोल प्लाजा पर किसानों का धरना जारी है और शाम 4 बजे तक टोल फ्री रखने का ऐलान किया गया है।
कल चंडीगढ़ में निकाली थी बाइक रैली
इससे पहले भी किसान इस ट्रेड डील का विरोध जता चुके हैं। सोमवार को किसानों ने चंडीगढ़ में बाइक रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था और ट्रेड डील को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं।