ख़बरिस्तान नेटवर्क : गुरदासपुर में चोरे सिद्धवां गांव के सरपंच के घर पर बीती रात अज्ञात हमलावर गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए। हमलावरों ने घर पर कई राउंड गोलियां चलाई और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के 4 खोल बरामद किए हैं।
डेढ़ बजे हमलावरों ने चलाई गोलियां
सरपंच मनजिंदर सिंह ने बताया कि वह देर रात 12 बजे घर लौटे थे। घर लौटने के करीब डेढ़ घंटे बाद यानी रात के डेढ़ बजे आवाज सुनाई दी। पटाखों की आवाज सुनकर उन्होंने अनसुना कर दिया। लेकिन जब वह सुबह उठे तो देखा कि घर के गेट पर गोलियों के निशान हैं और उसके खोल पड़े हुए हैं।
किसी से कोई दुश्मनी नहीं -सरपंच
सरपंच मनजिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्हें कभी किसी से फिरौती की कोई धमकी नहीं मिली है और न ही उनकी किसी से ऐसी दुश्मनी है, जिसके कारण इस तरह की वारदात हो सकती है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अज्ञात हमलावरों की गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।