पंजाब के गुरदासपुर जिले के कलानौर स्थित मुल्तानी अस्पताल एक बार फिर हमलावरों के निशाने पर आ गया। मंगलवार को अज्ञात बदमाशों ने अस्पताल परिसर के बाहर जोरदार धमाका कर दिया। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि अस्पताल की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूट गए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसएसपी आदित्य, एसपी डीके चौधरी और एसएचओ मौलख सिंह पुलिस टीमों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर फोरेंसिक जांच भी शुरू करवा दी है।
सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर तलाश शुरू
इस बीच घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक अस्पताल के बाहर काफी देर तक घूमता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर उसकी पहचान और तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, धमाका करने की घटना सीधे तौर पर किसी कैमरे में कैद नहीं हुई है।
गौरतलब है कि डॉक्टर अमरबीर सिंह मुल्तानी का यह अस्पताल पहले भी दो बार हमलों का शिकार हो चुका है। फिरौती की मांग पूरी न करने को लेकर अस्पताल पर पहले ताबड़तोड़ फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार तीसरी बार हुए इस हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच के लिए विशेष टीमें गठित
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।