ख़बरिस्तान नेटवर्क : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक लाल चौक इलाके में आतंकियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए अचानक अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस कायराना आतंकी हमले में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक हेड कांस्टेबल मौके पर ही शहीद हो गए हैं, जिससे तनाव का माहौल बन गया है।
दोपहर के वक्त हुआ घात लगाकर हमला
यह पूरी घटना बुधवार को दोपहर करीब 12:35 बजे की है। अनंतनाग पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले लाल चौक के कोतवाल गली इलाके में सुरक्षा बल के जवान श्री अमरनाथ यात्रा की व्यवस्था और सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए तैनात थे। इसी दौरान अज्ञात आतंकवादियों ने घात लगाकर अचानक पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। इस अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इलाज के दौरान शहीद हुए हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन
आतंकियों की इस गोलीबारी में इंडियन रिजर्व पुलिस (IRP) की तीसरी बटालियन के हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। ड्यूटी के दौरान हुए इस हमले में वे बुरी तरह जख्मी होकर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों और अधिकारियों द्वारा उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरा, तलाशी अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और अतिरिक्त सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा बलों ने तुरंत पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है और हमलावरों की धरपकड़ के लिए बड़े पैमाने पर कॉम्बिंग व सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।