दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन आज 33वें दिन भी जारी है। इस बीच CJP ने दावा किया है कि केंद्र सरकार ने दूसरी बार बातचीत का प्रस्ताव दिया है। पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि इस प्रस्ताव पर कोर टीम से चर्चा के बाद फैसला लिया जाएगा।
दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन अस्थायी रूप से बंद
उधर, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। जंतर-मंतर पर हजारों प्रदर्शनकारी मौजूद हैं। इनमें 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई में घायल हुए लोग भी शामिल हैं।
अलग-अलग थानों में 10 FIR दर्ज
संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस ने अलग-अलग थानों में 10 FIR दर्ज की हैं। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान RAF के जवानों पर हमला, पथराव, तोड़फोड़ और सरकारी काम में बाधा डाली गई।
बंगाल से दिल्ली बुलाए गए 2 हजार CRPF जवान
इस बीच केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियां, यानी करीब 2 हजार जवान, दिल्ली भेजने का फैसला किया है। इनकी तैनाती संसद के मानसून सत्र और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जाएगी।
वहीं, सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंगलवार देर रात गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचुक से मुलाकात की। वांगचुक 28 जून से अनशन पर हैं और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश के बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल से मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।