ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर हुई नेताओं की बैठक के बाद उपजे विवादों पर अपना रुख स्पष्ट किया है। वड़िंग ने पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की आपसी कलह या गुटबाजी की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि सब गिले-शिकवे जल्द होंगे खत्म।
मीटिंग को गुटबाजी की नज़र से देखना गलत
राजा वड़िंग ने स्पष्ट किया कि चन्नी पार्टी के एक वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं, और उनके आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं या नेताओं का जमा होना कोई असामान्य घटना नहीं है। यह सामान्य मेल-मिलाप का हिस्सा हो सकता है और इसे राजनीतिक गुटबाजी के चश्मे से देखना गलत है।
एकजुट होकर लड़ेंगे चुनाव
राजा वड़िंग ने जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ एक है और आने वाले दिनों में सभी वरिष्ठ नेता सार्वजनिक मंचों पर एकजुट होकर नजर आएंगे। अनुशासन पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने साफ किया कि पार्टी के भीतर हर किसी को अपनी मर्यादा का ध्यान रखना जरूरी है। हाईकमान का चन्नी साहब के प्रति विशेष सम्मान है और संवाद के दरवाजे हमेशा खुले हैं।
CM फेस का फैसला हाईकमान करेगा
वहीं मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर जारी चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते राजा वड़िंग ने कहा कि इस विषय पर फैसला लेने का अधिकार केवल पार्टी हाईकमान, विशेषकर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के पास है। मेरा प्राथमिक लक्ष्य पंजाब में कांग्रेस को पुनः सत्ता में लाना है। पार्टी जिसे भी मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार चुनेगी, वे एक निष्ठावान सिपाही की तरह उनके समर्थन में मजबूती से खड़े रहेंगे।