लुधियाना में पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर (29) की हत्या का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह उनका शव नीलो नहर से बरामद किया गया। उन्हें 6 दिन पहले गन पॉइंट पर किडनैप किया गया था, जिसके बाद से परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था।
परिजनों के मुताबिक, यशइंदर कौर को जबरन शादी के दबाव में रखा जा रहा था। शादी से इनकार करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनका अपहरण किया और बाद में हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात के बाद मुख्य आरोपी विदेश फरार हो गया।
परिवार ने बताया कि मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा से उनकी तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। बाद में जब यशइंदर को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे हैं, तो उन्होंने शादी से इनकार कर दिया था, जिससे आरोपी नाराज हो गया।
भाई जोतइंदर सिंह के अनुसार, यशइंदर 13 मई की शाम घर से ग्रॉसरी लेने निकली थीं लेकिन वापस नहीं लौटीं। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी और उसके साथियों ने गन पॉइंट पर उन्हें अगवा किया।
परिवार का आरोप है कि आरोपी कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब आया और वारदात को अंजाम देने के बाद फिर से विदेश भाग गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि इसमें अन्य लोगों की भी भूमिका रही।इंदर कौर सिंगिंग छोड़कर मेकअप आर्टिस्ट और बुटीक का काम कर रही थीं। उनके माता-पिता और दो भाई कोरिया में रहते हैं, जबकि एक भाई लुधियाना में है।
थाना जमालपुर के एसएचओ बलबीर सिंह ने बताया कि नहर से शव बरामद कर लिया गया है और पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।