ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में मंगलवार को 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों के लिए मतदान जारी है। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार दोपहर 2 बजे तक करीब 45.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ था और शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। इस चुनाव में कुल 7,555 उम्मीदवार मैदान में हैं। पूरे प्रदेश में इस बार ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से वोटिंग करवाई जा रही है।
समाना में पथराव और लाठीचार्ज
पटियाला के समाना में वार्ड नंबर-19 के मतदान केंद्र पर अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। यहां कुछ लोगों और पुलिस के बीच टकराव हो गया, जिसके बाद पथराव शुरू हो गया। आरोप है कि भीड़ ने पहले पुलिस पर पत्थर फेंके, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
रवनीत बिट्टू को धुरी जाने से रोका
इसी दौरान पुलिस ने रवनीत बिट्टू को धूरी जाने से रोक दिया। इस दौरान उनकी संगरूर के एसएसपी के साथ तीखी बहस भी हुई। मौके पर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
अबोहर में HR नंबर कार में घूम रहे 4 युवक हिरासत में
अबोहर में मतदान के दौरान पुलिस ने हरियाणा नंबर की एक कार में घूम रहे चार युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने उनकी गाड़ी भी जब्त कर ली। कार पर NSUI हनुमानगढ़ की नेम प्लेट लगी हुई थी। पूछताछ के दौरान युवक इलाके में मौजूदगी को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
बरनाला में भाजपा उम्मीदवार के पति पर हमला
बरनाला के वार्ड नंबर-15 में भाजपा उम्मीदवार दीपइंदर कौर के पति जसवीर सिंह पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जसवीर सिंह ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान बाहरी लोग फर्जी वोट डाल रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन पर हमला कर दिया गया। हमले के दौरान उनकी पगड़ी उतार दी गई और सिर पर तेजधार हथियार से वार किया गया। उनकी पत्नी और समर्थकों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
फर्जी वोटिंग को लेकर बरनाला में हंगामा
बरनाला के वार्ड नंबर-33 में भी फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर विवाद हो गया। आम आदमी पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थक आमने-सामने आ गए, जिसके बाद मतदान केंद्र पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई। AAP उम्मीदवार रीता गोयल और निर्दलीय प्रत्याशी उर्मिला देवी के समर्थकों ने एक-दूसरे पर फर्जी वोटिंग कराने के आरोप लगाए। हालात को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।