ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर ने भाजपा के नए प्रधान केवल सिंह ढिल्लों का विरोध किया है। कैप्टन ने साफ और सीधे शब्दों में कहा है कि केवल ढिल्लों फिलहाल राजनीतिक क्षमता के मामले में भाजपा का नेतृत्व करने के लिए योग्य नहीं है और वे इसका सही विकल्प नहीं हैं।
दोस्ती अपनी जगह, राजनीति अपनी जगह
कैप्टन ने एक चैनल को इंटरव्यू देते हुए कहा कि केवल ढिल्लो को प्रधान बनाने के लिए उन्हें पूछा तक नहीं गया। BJP में फैसला ऊपर से आता है, कांग्रेस में राय ली जाती थी। ढिल्लों मेरे पुराने मित्र हैं, लेकिन दोस्ती होना अपनी जगह है और राजनीतिक क्षमता अपनी जगह है। सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा को हटाने की जरूरत नहीं थी। दोनों अच्छे ढंग से काम कर रहे थे।
मुझे दरकिनार करना बुरा लगा
कैप्टन ने आगे कहा कि जब वह सीएम थे तब केवल ढिल्लों काफी ज्यादा एक्टिव थे, पर अब उनका वह प्रदर्शन नहीं रहा, जैसा पहले हुआ करता था। मुझे दरकिनार किए जाने पर बुरा लगा, क्योंकि कांग्रेस में मेरी सलाह और राय तक ली जाती थी। हालांकि भाजपा में सिर्फ ऊपर से ही आदेश आते हैं।
भाजपा अकेले पंजाब नहीं जीत सकती
कैप्टन ने एक बार फिर दोहराया कि वे पंजाब की स्थिरता और सुरक्षा के लिए भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच गठबंधन के पक्ष में हैं। उन्होंने हाल ही में नगर निकाय चुनावों में भाजपा के खराब प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि बिना जमीनी बुनियाद मजबूत किए पार्टी अकेले चुनाव नहीं जीत सकती।