ख़बरिस्तान नेटवर्क : गुरदासपुर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला फतेहगढ़ चूड़ियां के पास गांव नंदयांवाली का है, जहां देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों की नकदी, सोना और लाइसेंसी पिस्टल चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
दीवार फांदकर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, फतेहगढ़ चूड़ियां से करीब 5 किलोमीटर दूर डेरा रोड स्थित गांव नंदयांवाली में यह वारदात हुई। बिजली बोर्ड से रिटायर्ड हरजीत सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ नीचे वाले कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी बेटी दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में थी। आधी रात के बाद चोर घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने दो कमरों और स्टोर में रखी अलमारियों के ताले तोड़ दिए।
12 लाख कैश, सोना और पिस्टल चोरी
हरजीत सिंह के मुताबिक, चोर घर से करीब 12 लाख रुपए नकद, साढ़े 4 तोले सोना और एक लाइसेंसी पिस्टल लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि चोरी के बाद भागते समय आरोपी घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गए हैं। उनके दोनों बेटे कनाडा में रहते हैं और घर में सिर्फ वह, उनकी पत्नी और बेटी ही मौजूद थे। घटना के बाद परिवार सदमे में है और पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
मामले की जानकारी देते हुए फतेहगढ़ चूड़ियां थाने के SHO सुरिंदरपाल सिंह ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।