ख़बरिस्तान नेटवर्क : दिल्ली के वसंत कुंज रजोकरी फ्लाईओवर पर हुए हिट एंड रन हादसे में 34 वर्षीय सार्थक मट्टू की मौत के बाद पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सार्थक अपनी बाइक से गुरुग्राम से नोएडा ऑफिस जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी और सार्थक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को छोड़कर फरार हुए आरोपी
आरोप है कि थार चला रहा अपूर्व सिंह और उसका साथी हादसे के बाद घायल सार्थक को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, लेकिन उस पर लगी धाराएं जमानती होने के कारण उसे जल्द ही अदालत से जमानत मिल गई।
ब्लड अल्कोहल टेस्ट में देरी का आरोप
मृतक के परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने आरोपी चालक का ब्लड अल्कोहल टेस्ट कराने में करीब 50 घंटे की देरी की। परिवार का आरोप है कि इस देरी से संभावित साक्ष्य कमजोर हो गए, जिससे अदालत में मामले पर असर पड़ सकता है। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सार्थक मट्टू एक कश्मीरी पंडित परिवार से थे। परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले भी जीवन में कई कठिन दौर देखे हैं और अब इस हादसे में अपने इकलौते सहारे को खो दिया। परिजन मामले में सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।