अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब ट्रस्ट के भीतर भी आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास महाराज ने पूर्व पदाधिकारी गोपाल राव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे मामले की जिम्मेदारी उन्हीं की है और वे राजनीति कर रहे हैं।
इस बीच, SIT ने जांच तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन कर बनाए गए आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी है। अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) जल्द ही नोटिस जारी कर सकता है। लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के मकान फिलहाल जांच के दायरे में हैं।
मामले में आरोपी अविनाश शुक्ला के भाई अमित शुक्ला का नोटों की गड्डियां हाथ में लिए एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। वहीं, ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा से भी आज पूछताछ हो सकती है। इससे पहले महासचिव चंपत राय से करीब तीन घंटे पूछताछ की जा चुकी है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने SIT जांच की समय-सीमा बढ़ाकर 15 जुलाई कर दी है। सरकार का कहना है कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
जांच में अब तक आरोपियों से करीब 79.85 लाख रुपये नकद, 1121 अमेरिकी डॉलर, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद होने का दावा किया गया है।उधर, RSS प्रमुख मोहन भागवत को भी मामले की रिपोर्ट भेजी गई है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक 6 जुलाई को अयोध्या में होगी, जिसमें इस मामले पर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
मामले में अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी
गौरतलब है कि चढ़ावा चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। इसके बाद 13 जून को SIT का गठन हुआ, 25 जून को FIR दर्ज हुई और अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच लगातार जारी है।