पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की एंट्री के साथ लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। कई जिलों में बारिश हुई, वहीं मौसम विभाग ने आज (2 जुलाई) से अगले 6 दिनों तक राज्यभर में बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश की संभावना है। वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
बारिश के चलते बुधवार को अधिकतम तापमान में 3.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। चंडीगढ़ का तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे अधिक 41.5 डिग्री तापमान बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया।
हालांकि मानसून की शुरुआत धीमी रही है। 1 जुलाई को पंजाब में औसतन 1.2 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 66% कम है। सबसे ज्यादा 60.4 मिमी बारिश पठानकोट में दर्ज की गई।मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा और राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।