ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में 2 बदमाशों ने घर जा रही एक युवती को रास्ते में रोक लिया और चाकू की नोंक पर उसका बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। पर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। जिसके बाद इलाका निवासियों में पुलिस के खिलाफ काफी ज्यादा गुस्सा देखने को मिल रहा है।
युवती के चीखने पर घटना का पता चला
घटना के बारे में जानकारी देते हुए एक महिला ने बताया कि वह उस रात को जाग रही थी। जब युवती की चीखने की आवाज सुनी तो पति को बुलाया। पति ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे से चैक किया तो देखा कि बाइक सवार बदमाशों ने युवती के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया है।
नशेड़ी अक्सर ऑटो रिक्शा लगाकर बैठे रहते हैं
महिला ने आगे बताया कि उनके घर के पास कई ऑटो खड़े रहते हैं, जहां नशेड़ी बैठकर नशा करते हैं। इलाके का हाईवे से सीधा संपर्क होने के कारण बदमाश वारदात के बाद आसानी से फरार हो जाते हैं। इस घटना के बाद से इलाका निवासियों में डर का माहौल देखा जा रहा है।
अभी नहीं मिली कोई शिकायत – पुलिस
पुलिस के मुताबिक अभी तक कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।