जालंधर: महानगर के हंसराज स्टेडियम में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बैडमिंटन खेल रहे खिलाड़ी दीपक पुजारा को अचानक हार्ट अटैक आ गया। खेल के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर वह स्टेडियम में ही गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही स्टेडियम में मौजूद डॉक्टर नीतीश गर्ग और डॉक्टर पीयूष शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों डॉक्टरों ने बिना समय गंवाए मेडिकल उपकरण और इमरजेंसी किट मंगवाई तथा मेडिकल टीम के पहुंचने से पहले ही खिलाड़ी का उपचार शुरू कर दिया।
स्थिति गंभीर होने पर डॉ. नीतीश गर्ग ने तत्काल सीपीआर (CPR) देना शुरू किया। इसके बाद मेडिकल टीम के पहुंचने पर आवश्यक प्राथमिक उपचार और कार्डियक शॉक देकर खिलाड़ी की हालत को स्थिर किया गया।
डॉक्टरों और स्पोर्ट्स स्टाफ की त्वरित कार्रवाई से दीपक पुजारा की जान बच गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें डॉक्टर और मेडिकल टीम स्टेडियम के भीतर ही खिलाड़ी का इलाज करते नजर आ रहे हैं। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।