ख़बरिस्तान नेटवर्क : पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। चंद्रनाथ रथ कोलकाता से अपने घर मध्यमग्राम लौट रहे थे। वह स्कॉर्पियो गाड़ी में ड्राइविंग सीट के साथ वाली सीट पर बैठे थे। गाड़ी में उनके साथ ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।
कार रोककर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक कोलकाता से लगभग 20 किलोमीटर दूर डोलतला और मध्यमग्राम के बीच एक कार ने उनकी स्कॉर्पियो का पीछा किया और आगे जाकर रास्ता रोक लिया। इसके तुरंत बाद बाइक पर सवार हमलावर मौके पर पहुंचे और स्कॉर्पियो की बाईं ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 6 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। हमले में चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां लगीं, जिनमें दो गोलियां सीने को चीरते हुए निकल गईं जबकि एक गोली पेट में लगी। ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में हुई मौत, भाजपा ने TMC पर लगाए आरोप
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर कार छोड़कर बाइक के जरिए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है।