ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के शाहकोट के गांव कनियां कलां में पंजाब पुलिस के एक रिटायर्ड इंस्पेक्टर ने जहरीला पदार्थ खाकर जीवन समाप्त करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 68 साल हरभजन सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब पुलिस से रिटायर्ड होने के बाद खेतीबाड़ी कर रहे थे।
न्यूजीलैंड में शुरू हुआ विवाद
मृतक की पत्नी कुलवंत कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके तीनों बच्चे शादीशुदा हैं और न्यूजीलैंड में रहते हैं। उनके बेटे अमरप्रीत सिंह की शादी मई 2025 में गुरदासपुर की नवदीप कौर के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों न्यूजीलैंड चले गए थे। न्यूजीलैंड में पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा, जिसके बाद अमरप्रीत सिंह ने वहां तलाक की याचिका दायर कर दी।
कुलवंत कौर ने बताया कि इसके बाद नवदीप कौर और उसके परिजनों ने परिवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। उनके पति, बेटे, बेटियों और दामाद के खिलाफ थाना सिटी बटाला में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया गया था। उनका दावा है कि इसी के बाद हरभजन सिंह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे।
उत्पीड़न और धमकियों के आरोप
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि नामजद व्यक्तियों की तरफ से उनके परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा था और धमकियां भी दी जा रही थीं। उनका कहना है कि 10 जून को न्यूजीलैंड से भारत लौटने के बाद भी हरभजन सिंह तनाव में थे और स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई।
सुसाइड नोट छोड़कर उठाया कदम
परिजनों के अनुसार 14 जून की शाम हरभजन सिंह ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें जालंधर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने मौत से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें कुछ लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर नामजद व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।