ख़बरिस्तान नेटवर्क : केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब की राजनीति में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 17 सालों से वह दिल्ली की राजनीति में सक्रिय रहे हैं, लेकिन अब उनकी इच्छा पंजाब लौटकर विधानसभा के माध्यम से सीधे जनता की सेवा करने की है। बिट्टू के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
पंजाब में ग्राउंड लेवल पर शुरू किया काम
रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि उनका राज्यसभा कार्यकाल पूरा हो चुका है और अब वह पंजाब में संगठन को मजबूत करने और लोगों के बीच काम करने पर ध्यान दे रहे हैं। पार्टी नेतृत्व ने पंजाब की वरिष्ठ टीम को राज्य में डबल इंजन की सरकार बनाने का लक्ष्य दिया है, जिसके लिए सभी नेता मिलकर काम करेंगे।
पार्टी के निर्देश पर करेंगे काम
बिट्टू ने कहा कि उनकी पार्टी का कार्य करने का तरीका अन्य राजनीतिक दलों से अलग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी के नेता हैं और पूरी टीम उनके नेतृत्व में एकजुट होकर काम करती है। पार्टी का जो भी निर्देश होगा, सभी नेता उसी दिशा में आगे बढ़ेंगे।
‘अटैचियां पैक कर पंजाब में उतर गए’
अपने भविष्य की राजनीतिक योजनाओं को लेकर बिट्टू ने कहा कि उन्होंने और पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप ने पंजाब में सक्रिय होने का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा, “हमने अपनी अटैचियां पैक कर ली हैं और अब पूरे पंजाब में जाकर लोगों के बीच काम करेंगे।” उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में लंबा समय बिताने के बाद अब वह पंजाब की धरती पर रहकर राज्य की सेवा करना चाहते हैं।