ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के किसान एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और अन्य अहम मुद्दों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के नेतृत्व में एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया है। यह रैली मोहाली के फेज-8 स्थित नेचर पार्क से शुरू होकर चंडीगढ़ के सेक्टर-34 प्रदर्शनी मैदान तक निकाली गई। प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए पंजाब के सभी 23 जिलों से किसान बड़ी संख्या में चंडीगढ़ पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल को सौंपा जाएगा ज्ञापन
किसान मुख्यमंत्री और राज्यपाल के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम दो ज्ञापन सौंपेंगे, जिसमें व्यापार समझौते को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई जाएंगी। किसानों का तर्क है कि ये समझौते उनकी आजीविका और कृषि क्षेत्र को प्रभावित कर सकते हैं, जिसे लेकर वे लंबे समय से अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।
चंडीगढ़-मोहाली में सुरक्षा सख्त, ट्रैफिक डायवर्ट
किसानों के इस प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ और मोहाली प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा के मद्देनजर शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक चंडीगढ़ के कई मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है ताकि आम जनता को असुविधा न हो। वहीं, कानून-व्यवस्था की स्थिति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई स्कूलों ने आज अवकाश की घोषणा की है।