प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले मोहाली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार सुबह शहर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड), डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा टीमें तत्काल संबंधित स्कूलों में पहुंच गईं और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी। साथ ही स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
धमकी मिलने के बाद छात्रों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए। सुरक्षा एजेंसियां स्कूल परिसरों के हर हिस्से की बारीकी से जांच कर रही हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
प्रारंभिक जांच में अब तक किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं है और पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है।
हर एंगल से जांच जारी
पुलिस की साइबर और तकनीकी टीमें धमकी भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। ऐसे में स्कूलों को मिली बम की धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां और भी अधिक सतर्क हो गई हैं। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।