ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने एक करोड़ रुपए का सोना पकड़ा है। इसके साथ ही 3 महिला यात्रियों को भी गिरफ्तार किया गया है। ये तीनों पेस्ट और कड़े-चेन में छुपाकर सोना ला रहे थे। जिसके बाद कस्टम और रेवेन्यू विभाग ने यह कार्रवाई की है। यह सोना तीन अलग-अलग मामलों में पकड़ा गया है।
कुआलालंपुर से आ रही थी फ्लाइट
कस्टम अधिकारियों के मुताबिक मेलबर्न से कुआलालंपुर होते हुए फ्लाइट संख्या MH-118 से अमृतसर पहुंचे एक पुरुष यात्री को रोका। जांच के दौरान उसके पास से 24 कैरेट सोने के दो कड़े और एक चेन बरामद हुई। बरामद सोने का कुल वजन 484 ग्राम और कीमत 70 लाख 66 हजार 400 रुपये बताई गई है।
शारजाह से आई फ्लाइट से भी पकड़ा सोना
कस्टम अधिकारियों ने शारजाह से फ्लाइट संख्या IX-138 से पहुंची एक महिला यात्री को जांच के लिए रोका। विस्तृत जांच और एक्स-रे स्कैनिंग के दौरान उसके पास से पेस्ट के रूप में 114 ग्राम सोना बरामद किया गया। जांच के बाद इसका वजन 90.21 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत 13 लाख 26 हजार 87 रुपये बताई गई।
22 लाख रुपए का सोना बरामद किया
अमृतसर और कस्टम अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शारजाह से फ्लाइट संख्या 6E1428 से पहुंचे एक यात्री को संदेह के आधार पर रोका। सोने को निकालने के बाद उसका वजन 150.04 ग्राम पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 22 लाख 5 हजार 588 रुपये आंकी गई। यह सोना जूतों के अंदर छुपाकर लाया जा रहा था।