ख़बरिस्तान नेटवर्क : वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। अब तक 235 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 4,300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है, क्योंकि बड़ी संख्या में लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।
बुधवार (25 जून) को देश में 1821 के काराबोबो युद्ध की याद में राष्ट्रीय अवकाश था। छुट्टी होने के कारण अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद थे और फीफा वर्ल्ड कप मैच देख रहे थे। इसी वजह से इमारतें गिरने के दौरान बड़ी संख्या में लोग मलबे में दब गए।
39 हजार से ज्यादा लोग लापता, इमरजेंसी लागू
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कई ढही हुई इमारतों के मलबे से अब भी लोगों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। सरकार ने देर रात जानकारी दी कि 39 हजार से अधिक लोग लापता हैं। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और प्रशासन का कहना है कि आपदा की वास्तविक तस्वीर अभी सामने आनी बाकी है।
शुरूआती अनुमान के मुताबिक इस आपदा से वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को करीब 9.5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है। हालात को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने देश में इमरजेंसी लागू कर दी है।
UN ने जारी किया 15 मिलियन डॉलर का राहत फंड
संयुक्त राष्ट्र ने वेनेजुएला में राहत और बचाव अभियान तेज करने का फैसला किया है। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता प्रमुख टॉम फ्लेचर ने बताया कि कई देशों से अतिरिक्त सर्च एंड रेस्क्यू टीमें भेजी जा रही हैं। इसके साथ ही इमरजेंसी राहत कोष से 15 मिलियन डॉलर जारी किए गए हैं।