ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर के मुख्य बस स्टैंड पर दो महिलाओं के बीच हुए विवाद और मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद बस स्टैंड चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों की ओर से दी गई शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
वीडियो बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आया है कि गीता नाम की एक महिला, जो बस स्टैंड क्षेत्र में ई-रिक्शा चलाती है, अपने नियमित काम के दौरान यात्रियों को उतारने के बाद कुछ सामान लेने गई थी। इसी दौरान मधु नाम की दूसरी महिला ने उसकी वीडियो बनाने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बहस के बाद हुई हाथापाई
देखते ही देखते दोनों महिलाओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों महिलाओं ने लिखित शिकायतें दी हैं। वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
पुराने आरोपों की भी हो रही पड़ताल
पुलिस के मुताबिक कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि महिला पहले भी लोगों की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करती रही है और विभिन्न तरह के आरोप लगाती रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पक्षों को सुनने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।