जालंधर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगाए गए CCTV कैमरे ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। शहर में अब दिल्ली और चंडीगढ़ की तर्ज पर ई-चालान सिस्टम पूरी तरह सक्रिय है।
40 हजार ई-चालान से वसूले गए 5 करोड़ रुपये
पुलिस के अनुसार, इस साल अब तक करीब 40 हजार ई-चालान जारी किए जा चुके हैं, जिनसे लगभग 5 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है। ये चालान रेड लाइट जंप करने, ज़ेबरा क्रॉसिंग पार करने और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर काटे गए हैं।
शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 1,107 CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जो हर छोटे-बड़े चौराहे और प्रमुख सड़कों पर निगरानी कर रहे हैं। कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनका ई-चालान स्वतः जनरेट हो जाता है।
ट्रैफिक प्रबंधन के साथ-साथ यह हाई-टेक सिस्टम अपराधियों की पहचान करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में भी पुलिस की मदद कर रहा है। इसके अलावा सड़क हादसों की स्थिति में कंट्रोल रूम तुरंत अलर्ट जारी कर राहत और बचाव कार्य शुरू करवाता है।
जालंधर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करें और रेड लाइट जंप करने या ज़ेबरा क्रॉसिंग का उल्लंघन करने से बचें, ताकि जुर्माने और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।