ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना-चंडीगढ़ रोड पर देर रात एक ट्रॉली को रिपेयर कर रहे 4 लोगों को तेज रफ्तार ट्राले ने रौंद दिया। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। जिसके बाद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। घायलों की पहचान जसवंत सिंह (37), नाथू (32), सिरा (30) निवासी गंगसर जेतो और सुरजीत सिंह (43) निवासी सरपंच कॉलोनी, मुंडिया कलां के रूप में हुई है। इनमें 2 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
रास्ते में गाड़ी ठीक रहे थे सभी
जानकारी के मुताबिक चारों तूड़ी से भरे ट्राले को बीच रास्ते में रिपेयर कर रहे थे। इस दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्राले ने सभी को रौंदते हुए आगे निकल गया। चीख-पुकार सुनकर आस-पास को लोग इकट्ठा हुए और उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को इस घटना की जानकारी दी। जिसके बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस घटना के बाद रोड पर काफी देर तक जाम लगा रहा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों ट्राले को रास्ते से हटाया और काफी देर बाद ट्रैफिक को क्लियर करवाया। पुलिस अब आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि पता लग सके कि हादसा किस कारण हुआ है।