जालंधर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब के Change of Land Use (CLU) मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सनटेक सिटी इंडियन को ऑपरेटिव हाउसिंग बिल्डिंग सोसाइटी के प्रमोटर अजय सहगल को गिरफ्तार किया है। उन पर जमीन मालिकों और खरीदारों के साथ धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, अजय सहगल को पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय बुलाया गया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें आज मोहाली की अदालत में पेश किया जाएगा।
आरोप है कि सहगल ने करीब 15 जमीन मालिकों की लगभग 30.5 एकड़ जमीन के लिए फर्जी सहमति पत्र तैयार करवाए। इन दस्तावेजों में कथित तौर पर जमीन मालिकों के नकली हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगाए गए, ताकि CLU मंजूरी हासिल की जा सके।सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में फर्जीवाड़े के जरिए 150 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला किया गया है। ED अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है।