लुधियाना में पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी के कनाडा में होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते उसे भारत लाने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। पुलिस नेपाल कनेक्शन सहित अन्य संभावित लिंक की भी जांच कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सबूत मिले हैं और मामले में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ जारी है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि इंदर कौर को दो गोलियां लगी थीं। एक गोली उसकी छाती के दाहिने हिस्से को पार कर गई, जबकि दूसरी गोली उसके माथे में फंसी मिली।
पुलिस के मुताबिक, 13 मई की रात इंदर कौर अपनी कार से बाजार गई थी, जहां आरोपी ने उसे फोन कर नीलो नहर पुल पर बुलाया। वहां पहले से मौजूद सुक्खा, उसके पिता और दो साथियों ने कथित तौर पर उसे अगवा कर लिया। इसके बाद कार में ही उसे गोली मारकर हत्या कर दी गई और शव व वाहन को नहर में फेंक दिया गया।
करीब 6 दिन बाद 19 मई को इंदर कौर का शव नहर से बरामद हुआ, जो एक सूखे पेड़ में फंसा मिला था। लगातार पानी में रहने के कारण शव फूल चुका था, जिससे बरामदगी में पुलिस को काफी कठिनाई हुई।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी आरोपियों की भूमिका की पड़ताल जारी है।