ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के बाबू जगजीवन चौक (भईया मंडी चौक) पर दंपती पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई। आरोप है कि सुबह हुए हमले की शिकायत पुलिस को देने से नाराज आरोपियों ने दोपहर में दोबारा परिवार पर हमला करने और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने की कोशिश की।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, दो अभी फरार
पुलिस अधिकारी यादविंदर राणा ने बताया कि मामले में नीरज नेपाली, लक्की थापर उर्फ दीवु, काली और अमित कुमार उर्फ छांगा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य दो की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और उनका संबंध साला-जीजा का है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित महिला का आरोप है कि वह अपने पति को नशा मुक्ति केंद्र से दवा दिलाकर लौट रही थी, तभी आरोपियों ने दोनों पर हमला कर दिया। महिला का कहना है कि बीच-बचाव करने पर उसके साथ मारपीट की गई, कपड़े फाड़े गए और जान से मारने की धमकी भी दी गई। परिवार ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान काफी देर तक सड़क पर हंगामा चलता रहा, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची।