ख़बरिस्तान नेटवर्क : वो कहते हैं देने वाला जब भी देता, देता छप्पर फाड़ के। ऐसा ही कुछ हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के सताना गांव के कैब चालक कल्याण चंद के साथ हुआ, जिन्होंने पंजाब स्टेट डियर समर स्पेशल बंपर लॉटरी का पहला पुरस्कार जीतकर रातोंरात करोड़पति बनने का सपना सच कर लिया। उनकी टिकट पर 3 करोड़ रुपए का जैकपॉट निकला है।
सवारी छोड़ने आए थे बठिंडा, खरीद ली लॉटरी टिकट
कल्याण चंद कुछ दिन पहले एक यात्री को छोड़ने के लिए बठिंडा आए थे। इसी दौरान उन्होंने शौकिया तौर पर एक ही नंबर की ए और बी सीरीज की दो लॉटरी टिकटें खरीद लीं। हाल ही में घोषित परिणामों में उनकी एक टिकट पर पहला पुरस्कार निकल आया, जिससे पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
परिवार के साथ पहुंचे बठिंडा, जताई खुशी
कल्याण चंद ने कहा कि वह एक सवारी छोड़ने आए थे और उसी दौरान दो टिकटें खरीदी थीं। एक टिकट पर 3 करोड़ रुपए का पहला इनाम निकलने की खबर उनके लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं है। इस जीत ने उनके परिवार की जिंदगी बदल दी है। वह इन पैसों की मदद से दिवंगत पिता द्वारा गांव में बनवाई गई एक सराय (धर्मशाला) का पुनर्निमाण करवाएंगे।
13 जून को निकली थी बंपर लॉटरी
उल्लेखनीय है कि 13 जून को पंजाब स्टेट डियर समर स्पेशल बंपर लॉटरी का ड्रा निकाला गया था। इस बंपर लॉटरी का पहला पुरस्कार 3 करोड़ रुपए था। विजेता टिकट संख्या बी-896239 रही। इस लॉटरी की एक टिकट की कीमत 500 रुपए निर्धारित की गई थी।