जालंधर में मशहूर सूफी गायिका नूरां सिस्टर्स के पिता की तबीयत बिगड़ने के चलते वह पिछले काफी समय से अस्पताल में भर्ती हैं। इससे पहले भी उन्हें स्टंट डलवाने के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया था।
ज्योति नूरां के पति उस्मान ने बताया कि उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही है, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा। इसी बीच रितु मीर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर लोगों से इलाज के लिए आर्थिक मदद की अपील की है। पोस्ट के साथ एक क्यूआर कोड भी साझा किया गया है।
वायरल वीडियो में नूरां सिस्टर्स के पिता अस्पताल में भर्ती नजर आ रहे हैं, जहां उनकी हार्ट बीट और पल्स भी दिखाई गई है। बताया जा रहा है कि शेयर किया गया क्यूआर कोड साहिल नाम के व्यक्ति का है।
एक अन्य वीडियो में परिवार की ओर से भावुक अपील करते हुए कहा गया कि माता-पिता ने कड़ी मेहनत से बच्चों को इस मुकाम तक पहुंचाया है। उनके पिता हमेशा दूसरों की मदद करते रहे हैं, लेकिन आज खुद उन्हें लोगों के सहारे की जरूरत पड़ गई है।
परिवार ने कहा कि जीवन रहते ही एक-दूसरे का हालचाल पूछना और साथ देना जरूरी है, क्योंकि बाद में पछताने का कोई फायदा नहीं होता। रितु मीर ने यह भी बताया कि उनके माता-पिता ने संघर्ष करके परिवार को संभाला है।हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक नूरां सिस्टर्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।