ख़बरिस्तान नेटवर्क : भारतीय क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पल सामने आया है। चेन्नई का एम.ए. चिदंबरम (चेपॉक) स्टेडियम पहली बार ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) के उद्घाटन मुकाबले की मेजबानी करेगा। यह पहली बार होगा जब भारत किसी विदेशी पेशेवर क्रिकेट लीग का आधिकारिक मैच आयोजित करेगा।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर PM मोदी ने किया ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान इस ऐतिहासिक फैसले की घोषणा की। वह ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पहुंचे, जहां इस आयोजन की जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ और पूर्व महिला क्रिकेटर लीसा स्टालेकर भी मौजूद रहीं।
12 दिसंबर को होगा मुकाबला
प्रधानमंत्री के ऐलान के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2026-27 सीजन का कार्यक्रम जारी किया। इसके अनुसार BBL-16 का उद्घाटन मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में मेलबर्न रेनेगेड्स और मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स आमने-सामने होंगे। मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स मेजबान टीम की भूमिका निभाएगी।
भारतीय समयानुसार दोपहर 2:40 बजे शुरू होगा मैच
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 2:40 बजे शुरू होगा। इस आयोजन को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग को नई ऊंचाई देने वाले कदम के रूप में देखा जा रहा है।