ख़बरिस्तान नेटवर्क : पटियाला पुलिस ने राजपुरा स्थित लक्ष्मी प्रॉपर्टी ऑफिस पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया। पुलिस और आरोपियों के बीच हुई क्रॉस फायरिंग के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हथियार और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को सुरक्षित हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बरामद सामान को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
रिमांड पर लेकर पूछताछ, नेटवर्क का होगा खुलासा
पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि पूछताछ के दौरान इस गैंग के मुख्य सरगनाओं और पूरे आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा है कि इस मामले के पीछे यदि किसी अन्य व्यक्ति या कथित सफेदपोश की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।