ख़बरिस्तान नेटवर्क : उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई स्थित सदर कोतवाली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली के कंट्रोल रूम का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें ड्यूटी के दौरान एक मुंशी और एक महिला पुलिसकर्मी की कथित ‘नजदीकियां’ और बातचीत साफ देखी जा सकती है। हालांकि, इस वीडियो की सत्यता की आधिकारिक तौर पर पुष्टि की जा रही है, लेकिन इसके सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
जांच के बाद मुंशी पर गिरी गाज
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा, जिसका संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तत्काल जांच के आदेश दिए। सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद को इस प्रकरण की जांच सौंपी गई। जांच रिपोर्ट में वीडियो के तथ्य सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुंशी अरविंद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फिलहाल, वीडियो में दिख रही महिला पुलिसकर्मी की संलिप्तता और उसकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
छह दिन पुराना है घटनाक्रम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सीसीटीवी फुटेज लगभग छह दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में मुंशी अरविंद कंट्रोल रूम में अपनी कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं, तभी जींस और टी-शर्ट पहने एक महिला पुलिसकर्मी वहां आती है और उनसे बातचीत करती है। इस दौरान दोनों के बीच की बातचीत और व्यवहार ने अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कंट्रोल रूम में लगे कैमरे में कैद हुआ यह वीडियो किसी कर्मचारी द्वारा लीक किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
अनुशासनहीनता पर विभाग का कड़ा रुख
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले को विभाग की छवि खराब करने वाला और गंभीर अनुशासनहीनता का कृत्य बताया है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि वर्दी की गरिमा बनाए रखना हर कर्मचारी का कर्तव्य है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ जांच के परिणाम आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।