ख़बरिस्तान नेटवर्क : तेल कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) एक बार फिर महंगी हो गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने मंगलवार 26 मई से CNG की कीमतों में ₹2 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है। पिछले दो हफ्तों में यह चौथी बार है जब CNG के दाम बढ़ाए गए हैं।
दिल्ली-NCR में लागू हुए नए रेट
नई कीमतें लागू होने के बाद दिल्ली में CNG का रेट ₹81.09 प्रति किलो से बढ़कर ₹83.09 प्रति किलो हो गया है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में अब उपभोक्ताओं को CNG के लिए ₹91.70 प्रति किलोग्राम चुकाने होंगे। इसके अलावा गुरुग्राम में भी CNG महंगी हो गई है और यहां नई कीमत ₹88.12 प्रति किलोग्राम तय की गई है। लगातार बढ़ती कीमतों से वाहन चालकों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर अतिरिक्त बोझ बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पेट्रोल-डीजल भी हुए महंगे
इससे पहले तेल कंपनियों ने 25 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी की थी। पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा किया गया। नई दरों के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर पहुंच गई है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है।