ख़बरिस्तान नेटवर्क : हरियाणा के अंबाला धनेओरा गांव में 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 4 साल का निरवैर जिंदगी की जंग हार गया। करीब 21 घंटे तक चले लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद देर रात लगभग 3:40 बजे बच्चे को बोरवेल से बाहर निकाला गया। इसके तुरंत बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खेत में खेलते समय हुआ हादसा
दरअसल मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे निरवैर अपने पिता मंजीत के साथ खेत में दादा करनैल सिंह को खाना देने गया था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह करीब 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और बच्चे को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान शुरू किया गया।
21 घंटे तक चला राहत और बचाव अभियान
मासूम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ, सेना और जिला प्रशासन की टीमें लगातार जुटी रहीं। भारी मशीनों और विशेष उपकरणों की मदद से बोरवेल के समानांतर खुदाई की गई ताकि बच्चे तक पहुंचा जा सके। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 3:40 बजे निरवैर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने लिया रेस्क्यू का जायजा
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से अभियान की जानकारी ली और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। प्रशासन ने बच्चे को बचाने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
गांव में पसरा मातम, हर किसी की आंखे नम
निरवैर की मौत की खबर सामने आते ही पूरे धनेओरा गांव में शोक की लहर फैल गई। कई घंटों तक बच्चे के सकुशल बाहर आने की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों और ग्रामीणों का इंतजार दर्द में बदल गया। अब मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और प्रशासन की आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।