अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पेट्रोल बेचने वाली कंपनियों से तुरंत पेट्रोल की कीमतें कम करने की मांग की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि कच्चे तेल की कीमत घटकर करीब 68 डॉलर प्रति बैरल रह गई है, लेकिन इसका फायदा अब तक आम लोगों को नहीं मिल रहा।
ट्रम्प ने कहा कि ग्राहक अभी भी जरूरत से ज्यादा कीमत चुका रहे हैं, जबकि तेल लगातार सस्ता हो रहा है। उन्होंने कंपनियों से पेट्रोल की कीमत करीब 2.50 डॉलर प्रति गैलन तक लाने की अपील की।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ग्राहकों से जरूरत से ज्यादा पैसे वसूलना गलत है और अगर कंपनियों ने जल्द कीमतें नहीं घटाईं तो उन्हें कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। इससे पहले भी ट्रम्प बड़ी तेल कंपनियों की जांच के निर्देश दे चुके हैं।
गौरतलब है कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया था। हालांकि अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल सस्ता हो चुका है, लेकिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अभी तक उसी अनुपात में कमी नहीं आई है।