ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के आदमपुर के गांव हरिपुर में सरकारी स्कूल के मैदान में संदिग्ध ड्रोन मिला है। ड्रोन मिलने की जानकारी मिलते ही पूरा गांव इकट्ठा हो गया और लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत पुलिस को इस बारे में सूचना दी। जिसके बाद मौके पर आला अधिकारी पहुंचे और उन्होंने ड्रोन को अपने कब्जे में लिया।
बच्चों के ऊपर गिरा ड्रोन
गांव के सरपंच निर्मल राम ने बताया कि स्कूल की ग्राउंड में बच्चे खेल रहे थे, इसी दौरान ड्रोन उनके ऊपर आ गिरा। जिसके बाद बच्चों ने इस बारे में हमें बताया। ड्रोन मिलने के बाद तुरंत हमने पुलिस को इसकी जानकारी दी। उसके बाद मौके पर डीएसपी राजीव कुमार अपनी टीम के साथ पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां भी ड्रोन की तकनीकी जांच कर रही हैं ताकि इसके स्रोत और उद्देश्य के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सके। मामले की गम्भीरता से जांच की जा रही है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। जांच के बाद ही पूरे मामले के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ पाएगी।