ख़बरिस्तान नेटवर्क: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर जारी खींचतान ने पार्टी की चिंता बढ़ा दी है। सांसद चरणजीत सिंह चन्नी की अगुआई वाले बागी गुट के नेताओं के साथ पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल की करीब 2 घंटे तक अहम बैठक चली। चंडीगढ़ में कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह के आवास पर हुई इस बैठक में पार्टी के अंदरूनी विवाद और नेताओं की नाराजगी पर चर्चा हुई।
सभी नेताओं ने मेरे सामने रखी अपनी बात- बघेल
बैठक के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि वह पिछले 5 दिनों से लगातार चंडीगढ़ में हैं और पार्टी के सभी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। राणा गुरजीत सिंह ने उन्हें बैठक के लिए न्योता दिया था, जिसके बाद सभी साथियों के साथ बातचीत हुई। नेताओं ने अपनी बातें और चिंताएं उनके सामने रखी हैं। पार्टी हाईकमान के फैसले पर किसी को कोई एतराज नहीं है, लेकिन कुछ मुद्दे हैं जिन्हें नेताओं ने बैठक में उठाया है।
‘जीतने लायक नेता को जरूर मिलेगी टिकट’
भूपेश बघेल ने नेताओं को भरोसा दिलाया कि पंजाब कांग्रेस का प्रभारी होने के नाते वह सभी के हितों का ध्यान रखेंगे। उन्होंने कहा, जो जीतने लायक है, उसे जरूर टिकट मिलेगी। कोई भी यह न सोचे कि उसके सिर पर किसी का हाथ नहीं है। बैठक में सामने आई सभी बातों को लेकर वह अपनी पूरी रिपोर्ट कांग्रेस हाईकमान को सौंपेंगे।
सवा घंटे देरी से पहुंचे, राजा वड़िंग के साथ गाड़ी में गए
बैठक का समय सुबह 11 बजे तय किया गया था, लेकिन भूपेश बघेल करीब सवा घंटे की देरी से राणा गुरजीत सिंह के आवास पर पहुंचे। इसके बाद करीब 2 घंटे तक कांग्रेस नेताओं के साथ मंथन चला। बैठक खत्म होने के बाद एक दिलचस्प राजनीतिक तस्वीर भी सामने आई। भूपेश बघेल पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के साथ Defender गाड़ी में रवाना हुए।