पंजाब की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ‘भाभी चुम्मेवाली’ के नाम से मशहूर रंजीत कौर ने दावा किया है कि उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई है। जमानत मिलने के बाद उन्होंने अपने पति जिंदा हंस के साथ एक वीडियो जारी कर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों का जवाब दिया।
बोली- मैंने कत्ल नहीं किया जो भागती
वीडियो में रंजीत कौर कहती हैं कि वह कहीं फरार नहीं हुई थीं। उन्होंने बताया कि वह चंडीगढ़ में शूटिंग के सिलसिले में गई थीं और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कोर्ट से जमानत हासिल की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया, इसलिए छिपने या भागने का सवाल ही नहीं उठता।
रंजीत कौर और उनके पति के खिलाफ लुधियाना में धार्मिक भावनाएं आहत करने और आईटी एक्ट की धाराओं 67 व 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह शिकायत निहंग मनप्रीत सिंह ने दी थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों सोशल मीडिया पर अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट करते हैं, जिससे समाज और बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा धार्मिक प्रतीकों के अपमान, आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल और निहंग जत्थेबंदियों के खिलाफ टिप्पणी करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। अब कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रंजीत कौर ने वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है। मामले की जांच फिलहाल जारी है।