ख़बरिस्तान नेटवर्क : तरनतारन के हरिके में पुरानी रंजिश के कारण दोस्तों ने 2 नाबालिग भाईयों पर हमला कर दिया। इस हमले में 17 साल के अंगदजोत सिंह की मौत हो गई। वहीं उसके 15 साल के भाई गुरलाल सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में ईलाज चल रहा है।
पुरानी रंजिश के तहत किया हमला
जानकारी के मुताबिक अंगदजोत और उसका भाई गुरलाल सिंह शाम को मोमोज़ खाने के लिए बाहर गए हुए थे। इस दौरान अंगदजोत के पुराने दोस्त वहां पर आ पहुंचे। जिसके बाद दोनों को बीच किसी पुरानी बात को लेकर बहसबाजी शुरू हो गई, जिसने बाद में हिंसक रूप धारण कर लिया।
बचाव करने आए छोटे भाई पर भी किया हमला
आरोप है कि गुरशेर सिंह, सरूप सिंह और सिमरन सिंह ने दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान अंगदजोत सिंह पर श्री साहिब से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बड़े भाई को बचाने के लिए जब गुरलाल सिंह बीच-बचाव करने आया तो उसे भी घायल कर दिया गया। घायल दोनों भाइयों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंगदजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुरलाल सिंह का इलाज जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता बलविंदर सिंह के बयान के आधार पर गुरशेर सिंह, सरूप सिंह और सिमरन सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।