ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के लुधियाना में दिनदहाड़े गनपॉइंट पर एक युवक का अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। सफेद रंग की इनोवा कार में सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने न्यूट्री कुलचा खा रहे तीन दोस्तों पर अचानक हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक मौके से भागने में सफल रहा, जबकि दो युवकों को आरोपियों ने पकड़कर बेरहमी से पीटा। इसके बाद एक युवक को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।
हमले के दौरान की फायरिंग
चश्मदीदों के मुताबिक हमलावरों ने वारदात के दौरान करीब दो राउंड फायरिंग भी की। हालांकि इस गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में दहशत फैल गई और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज के अनुसार, सेक्टर-32 इलाके में खालसा वेज पॉइंट के पास सफेद रंग की इनोवा कार आकर रुकी। कार से सबसे पहले संतरी रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक तेजी से उतरा और पार्किंग एरिया की ओर भागा। उसके पीछे सफेद टी-शर्ट पहने दूसरा युवक भी कार से उतरकर उसी दिशा में दौड़ पड़ा।
कुछ ही देर बाद पार्किंग एरिया से गोली चलने की आवाज सुनाई दी और वहां अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान चेहरे पर रुमाल बांधे एक युवक एक्टिवा पर वहां पहुंचा। पार्किंग एरिया से निकलकर एक अन्य युवक उसकी स्कूटी पर बैठ गया। दोनों कुछ देर तक सड़क पर चक्कर लगाने के बाद मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अपहरण, फायरिंग और मारपीट की इस वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।