पाकिस्तान ने रविवार देर रात अफगानिस्तान से लगी सीमा पर बड़ा सैन्य अभियान चलाया, जिसमें 29 लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई और इसका निशाना चरमपंथी संगठन ‘जमात-उल-अहरार’ था, जिसे पाकिस्तान, TTP से जुड़ा मानता है।
पाकिस्तान के अनुसार, यह अभियान हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान और कराची में हुए आतंकी हमलों के जवाब में चलाया गया। कराची में सिंध रेंजर्स मुख्यालय पर हुए हमले में तीन पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई थी, जबकि तीन आतंकवादी भी मारे गए थे।
वहीं, अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसकी जमीन का इस्तेमाल किसी भी आतंकी संगठन को पनाह देने के लिए नहीं किया जाता। तालिबान का दावा है कि पाकिस्तान के ऐसे हमलों में आम नागरिकों की जान जाती है।दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव लगातार बढ़ रहा है और पिछले साल से बॉर्डर पर आवाजाही व व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।