ख़बरिस्तान नेटवर्क : मध्य प्रदेश के सिंगरौली में दिनदहाड़े एक बैंक से लूट की घटना सामने आई है। बैढ़न इलाके में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की एक ब्रांच में दोपहर को 5 हथियारबंद लुटेरे आते हैं और बैंक वालों को बंधक बनाकर कैश और सोने-चांदी की ज्यूलरी लेकर फरार हो जाते हैं। इस घटना ने लोगों के बीच में दहशत फैला दी है।
लुटेरों ने एक बजे दिया घटना को अंजाम
घटना की जानकारी देते हुए चश्मदीद आशीष पांडे ने बताया कि करीब दोपहर 1 बजे हथियार समेत 2 बदमाश अंदर घुसे। बैंक में घुसते ही उन्होंने हथियारों के बल पर बैंक कर्मचारियों को बंधक बना लिया। बंधक बनाने के बाद उनके 3 साथी भी हथियार लेकर अंदर घुस आए।
लुटेरों ने पूरे बैंक को बनाया बंधक
इसके बाद उन्होंने पूरे बैंक को बंधक बना लिया। बदमाशों ने वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों पर बंदूक तान दी, जिससे बैंक परिसर में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद उन्होंने बैंक मैनेजर लॉकर की चाबियां मांगी, जब उसने ऐसा करने से इनकार किया तो बदमाशों ने उसके सिर पर बंदूक की बट से हमला कर दिया।
20 मिनट तक बंधक बनाकर की लूट
चाबियां मिलने के बाद बदमाशों ने बैंक में कैश से भरी एक पेटी और ज्यूलरी अपने साथ ले गए। इस दौरान उन्होंने बैंक में आए ग्राहकों को भी बंधी बनाए रखा था। करीब 20 मिनट तक उन्होंने पूरे बैंक को बंधी बनाए रखा और लूट की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने पूरे इलाके को किया सील
जैसे ही पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने पूरे इलाके के एंट्री और एग्जिट पॉइंट को सील कर दिया। सिंगरौली के एसपी ने बताया कि बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि लुटेरों तक पहुंचा जा सके। अभी तक कितनी रकम लूटी गई है इसका आंकलन नहीं हो पाया है।