ख़बरिस्तान नेटवर्क : केरल के कन्नूर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां कुदाली के पास एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इस भयानक हादसे में कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में दो केरल के एक हैदराबाद का और एक यूपी का निवासी था।
रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे थे
पुलिस के मुताबिक सभी मृतक बेंगलुरु से अपने एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने कन्नूर आ रहे थे। यह हादसा शुक्रवार रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर हुआ जब कार एक पेड़ से टकराकर पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। कार में 20 से 23 साल के पांच युवक सवार थे। हादसे में केवल एक युवक जीवित बचा है लेकिन उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। वह त्रिशूर का रहने वाला है।
तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
पुलिस ने आगे बताया कि सभी बेंगलुरु से कन्नूर में अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे थे। कार को हुए व्यापक नुकसान से पता चलता है कि हादसे के समय वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।