पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। चंडीगढ़ में बीती रात से बारिश जारी है। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर भांखरपुर के पास घग्गर नदी में मछली पकड़ने गए तीन दोस्त तेज बहाव में फंस गए। इनमें से दो युवक नदी में बह गए, जबकि तीसरा झाड़ियों का सहारा लेकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। लापता दोनों युवकों की तलाश जारी है।
हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश के कारण नुकसान हुआ है। किन्नौर में सांगला घाटी को जोड़ने वाला वैली ब्रिज ढह गया, जिससे इलाके का संपर्क टूट गया। वहीं सिरमौर जिले में लैंडस्लाइड के कारण पांवटा-राजवन-शिलाई-रोहड़ू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। प्रदेश में करीब 320 सड़कें और 200 से अधिक बिजली ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हैं।
पंजाब में भी कई जिलों में बारिश हुई है। लुधियाना में एसबीएस नगर सिटी सेंटर रोड बारिश के कारण बीच से टूट गई। जालंधर में सुबह से बारिश जारी है, जबकि मोहाली के कई इलाकों में जलभराव देखने को मिला।
पंजाब के 15 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने आज पंजाब के 15 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गुरदासपुर, जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, मोहाली, पटियाला, कपूरथला, तरनतारन, फतेहगढ़ साहिब, नवांशहर, बरनाला और संगरूर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को फाजिल्का में सबसे ज्यादा 25.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि 11 और 12 जुलाई तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ेंगी और तापमान के साथ उमस बढ़ने की संभावना है।